तरबगंज। सराफा दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यक्ष एप की मदद से महज पांच घंटे के भीतर संदिग्धों की पहचान कर चोरी का खुलासा किया गया। आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
पंडित दीनदयाल चौराहे पर स्थित रितिक ज्वैलर्स की दुकान का 18 अक्तूबर की रात शटर तोड़कर चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। दिलीप कुमार सोनी की तहरीर पर तरबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को नवाबगंज क्षेत्र में संदिग्धों के बैग और बाइक छोड़कर भागने की जानकारी मिली। बैग की तलाशी में आभूषण बरामद हुए। यक्ष एप से मिली जानकारी का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने रमन गुप्ता निवासी मुट्ठीगंज और अंशुमान भारती निवासी चाई टोला, नवाबगंज को दुर्जनपुर घाट बंधे से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ तरबगंज यूपी सिंह के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ दुकान का शटर और कैमरा लोहे के सब्बल से क्षतिग्रस्त कर चोरी करने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपियों ने तरबगंज के तुमंदरपुरवा और शहर के जानकीनगर में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस इन मामलों का सत्यापन कर रही है।
बरामद सामान में चांदी के दो हार, 104 बिछिया, 156 अंगूठियां, 161 पूजा सामग्री समेत अन्य आभूषण, नकदी, लोहे का सब्बल, कटर और बाइक शामिल है।