बोर्ड परीक्षाओं में मुन्ना भाइयों के पकड़े जाने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में तरबगंज के एक इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक ने एक युवक को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए धर दबोचा।
पकड़े गए छात्र के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं एडी बेसिक के सचल दल ने वजीरगंज के एक परीक्षा केंद्र पर नकल कर रही एक छात्रा को पकड़ लिया।
पकड़ी गई छात्रा की कॉपी को सील कर उसे जिला विद्यालय निरीक्षक को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। गुरुवार को हाईस्कूल की परीक्षा में इतिहास के पेपर में तरबगंज के स्वतंत्रता सेनानी इंटर कालेज में परीक्षा के दौरान एक युवक दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा देते हुए पाया गया।
केंद्र व्यवस्थापक के सचल दल ने उसे धर दबोचा। जिला विद्यालय निरीक्षक राम खेलावन वर्मा ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक ने तरबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही उसे पुलिस के सौंप दिया गया है।
वही देवी पाटन मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक एमपी सिंह ने गुरुवार को वजीरगंज के बिंद्रा सिंह स्मारक इंटर कालेज में छापा मारा। इस दौरान एक छात्रा नकल करते हुए पकड़ी गई। एडी ने उसकी कॉपी को सील कर डीआईओएस के पास कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
एडी ने ही नवाबगंज के प्रताप नरायन धीरेंद्र सिंह इंटर कालेज में भी परीक्षा का जायजा लिया। यहां एडी ने विद्यालय परिसर में कई पर्चियां बरामद की। इन पर्चियों को भी सील कर जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजा गया है।