गोंडा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में रविवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहाना हो गया। धान व गन्ने की फसलों को फायदा हुआ है। वहीं, शहरी इलाकों में जगह-जगह जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दो दिन से मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। शनिवार को भी कुछ इलाकों में बारिश हुई थी, लेकिन रविवार सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। इसके कारण मेडिकल कॉलेज परिसर, पटेलनगर व अन्य इलाकों में पानी भर गया। अकेलवा में एम्स इंटर कॉलेज को जाने वाली सड़क पर भी पानी भरने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार वर्षा की वायुमंडलीय परिस्थितियां बनी हुई हैं। छिटपुट दिखने वाले बादल घने होंगे और वर्षा के रूप में कुछ स्थानों पर जमीन पर उतरेंगे। ऐसे में चढ़ते तापमान पर विराम लगेगा। बढ़ती उमस का क्रम भी थमेगा। आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव के अनुसार अभी दो तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।