गोंडा। गोंडा से मनकापुर जंक्शन के बीच अभी तक डबल रेल लाइन ही है। ऐसे में कई बार ट्रेनों के आवागमन पर असर पड़ता है। इसे देखते हुए अब रेलवे ने गोंडा से मनकापुर के बीच करीब 27 किलोमीटर लंबी तीसरी व चौथी रेलवे लाइन बिछाने का निर्णय लिया है। दोनों लाइनों का एक साथ सर्वे कराने का आदेश जारी हुआ है। इसके लिए रेल मंत्रालय ने एक करोड़ 12 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। तीसरी व चौथी लाइन के बिछने से ट्रेनों का आवागमन बेहतर होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन का गोंडा रेलवे स्टेशन आदर्श श्रेणी में आने के साथ ही उप मंडलीय दर्जा प्राप्त है। इसके विकास के लिए रेल मंत्रालय ने महत्वपूर्ण रोडमैप तैयार किया है। गोंडा से बस्ती रेलखंड के बीच मनकापुर स्टेशन है। जिसे जंक्शन का दर्जा प्राप्त है। यहां से अयोध्या धाम के लिए ट्रेनों का आवागमन होता है। यही नहीं, मनकापुर होकर लखनऊ के लिए वंदेभारत ट्रेन का भी संचालन होता है। ट्रैक विस्तार होने से मनकापुर जंक्शन भी बादशाह नगर व खलीलाबाद की तर्ज पर ए श्रेणी में आ जाएगा।
गोंडा से मनकापुर रेलवे स्टेशन के बीच बरुआचक, मोतीगंज व झिलाही स्टेशन हैं। अभी इस रूट पर डबल लाइन है, लेकिन तीसरी व चौथी लाइन बन जाने से कई अन्य ट्रेनों का संचालन शुरू होने की संभावना बढ़ जाएगी। इससे इन स्टेशनों के आसपास की करीब 20 हजार की आबादी को देवीपाटन मुख्यालय आने-जाने में आसानी होगी।
वरिष्ठ सहायक मंडल अभियंता आलोक श्रीवास्तव का कहना है कि बहुत जल्द सर्वे का कार्य शुरू कराया जाएगा। निर्धारित समय में इसे पूरा कराया जाएगा। (संवाद)