करनैलगंज (गोंडा)। करनैलगंज कस्बे से शुक्रवार को अपराह्न अगवा हुए पान मसाला व्यापारी राजेश गुप्ता के पौत्र नमो (7) पुत्र हरी गुप्ता को यूपी एसटीएफ एवं गोंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने 18 घंटे बाद शनिवार की भोर कूरी गांव के पास बदमाशों से मुठभेड़ के बाद सकुशल छुड़ा लिया। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपहरणकर्ताओं की टीम लीडर एक महिला समेत तीन को पुलिस ने मौके से दबोचा है, जो बच्चे को लेकर भागने की फिराक में थे। पुलिस ने घटना में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि करनैलगंज के गाड़ी बाजार के रहने वाले पान मसाला व्यवसायी राजेश कुमार गुप्ता के पौत्र नमो गुप्ता पुत्र हरी गुप्ता का गुरुवार को सैनिटाइजर देने के बहाने आए बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। परिवार वालों को अपहरण का पता तब चला जब अपहरणकर्ताओं को नमो के पिता हरी के पास फोन आया। अपहरणकर्ताओं ने बच्चे के परिजनों से चार करोड़ की फिरौती मांगी थी। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की। नगर के सीसी टीवी फुटेज खंगाले गए और अपहरणकर्ताओं से नमो के पिता से हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ।
इस ऑपरेशन की मॉनिटरिंग एसटीएफ के एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, डीआईजी देवीपाटन मंडल डॉ. राकेश सिंह व एसपी आरके नय्यर ने की। पूरी रात पुलिस बदमाशों की तलाश करती रही। सुबह एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार भी पहुंच गए। शनिवार की भोर में पुलिस ने सर्विलांस टीम, एसओजी, कोतवाली पुलिस, जिले के कई थानों की फोर्स व यूपी एसटीएफ के साथ अपहरणकर्ताओं के मिले सुराग को छानने के लिए निकली थी उसी बीच करनैलगंज कोतवाली से मात्र 7 किलोमीटर दूर कूरी गांव के पास अपहरणकर्ताओं से मुठभेड़ हो गई। जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं एक महिला व उसके दो साथी (पति व देवर) बच्चे को लेकर भागने की फिराक में थे जिन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया। उसके बाद दोनों घायल बदमाशों को करनैलगंज सीएचसी लाया गया जहां से इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीसी टीवी की फुटेज के सहारे बदमाशों तक पहुंची पुलिस
अपहरणकर्ताओं द्वारा मासूम बच्चे के अपहरण की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिले थे। वहीं महिला का एक ऑडियो जो उसने फिरौती के लिए नमो के पिता हरी को कॉल करके चार करोड़ की मांग की थी वह भी पुलिस के हाथ लग गया था। जिससे पुलिस मोबाइल नंबर और फुटेज को लेकर सर्विलांस के सहारे अभियुक्तों की तलाश में लग गई थी और सुबह होते-होते पुलिस को कामयाबी मिल गई।
पूरी रात अधिकारी लेते रहे ऑपरेशन की खबर
करनैलगंज। कानपुर अपहरण केस में हो रही यूपी पुलिस की फजीहत के बाद गोंडा की घटना से यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे। जिस पर रात में ही सीएम योगी आदित्यनाथ, डीजीपी ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए यूपी एसटीएफ को मौके पर भेजा था जो रात में ही टीम ने यहां पहुंचकर पुलिस से संपर्क साधा और पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी करने की योजना तैयार की। सुबह भोर में हुए इस मुठभेड़ के समय एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार भी पहुंच गए। जबकि पूरी रात डीआईजी डॉ. राकेश कुमार, एसपी राजकरन नैयर, एसएसपी एसटीएफ सुधीर कुमार सिंह, एएसपी महेंद्र कुमार कोतवाली करनैलगंज में मौजूद रहकर शर्च आपरेशन की पल-पल की खबर लेते रहे।
चार साल में करनैलगंज में तैनात रहे दरोगाओं को सौंपा टास्क
करनैलगंज। प्रदेश व जिले के स्तर के अधिकारी थाने में बैठे रहे और पूरी रात घटना की जानकारी के साथ-साथ अपराधियों को पकड़ने की योजना तैयार करते रहे। वहीं जिले की सीमा को सील करके सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पूरी रात मार्ग पर निकलने वाले वाहनों की चेकिंग हुई और पुलिस ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाकर बच्चे की तलाश की। मगर सुबह होते-होते पुलिस से मुठभेड़ और बच्चा बरामद होने की सूचना के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इस मुहिम में जिले के एक दर्जन थानों में तैनात तेजतर्रार दरोगा व सिपाहियों को लगाया गया था। एसपी ने करनैलगंज थाने में तैनात रहे चार वर्ष के भीतर के सभी कोतवाल व दरोगा को लगाया था। जिसमें पूर्व कोतवाल केके राणा, अतुल चतुर्वेदी, एसआई संजय तोमर, बृजानंद सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, मनोज राव सहित तमाम लोगों को अलग-अलग टास्क सौंपी थी।
ऑपरेशन के बच्चे को घर पहुंचाने गए एसपी
करनैलगंज। मुठभेड़ के बाद बरामद किये गए बच्चे को एडीजी प्रशांत कुमार ने परिवार को सौंपा। उन्होंने बच्चे के परिवारीजनों को थाने में बुलाकर बच्चे को सकुशल उसकी मां को सौंपा। उसके बाद पत्रकार वार्ता किया। बाद में एसपी राजकरन नय्यर बच्चे के परिजनों के साथ उसे छोड़ने उसके घर तक गए। पुलिस के खुलासे के बाद करनैलगंज में लोगों ने पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए स्वागत किया। बच्चे के बरामद होने की सूचना व लॉकडाउन के बाद भी सैकड़ों लोगों का हुजूम थाने की तरफ चल पड़ा। जिन्हें पुलिस ने रोका।
एडीजी ने थपथपाई मीडिया पीठ
करनैलगंज। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि बच्चे को सकुशल बरामद करने वाली संयुक्त टीम को शासन से 2 लाख इमाम देने की घोषणा की गई है। जिसमें एक लाख रुपये गोंडा पुलिस व एक लाख रुपये एसटीएफ को दिए जा रहे हैं। उन्होंने मीडिया व पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि गोंडा की मीडिया ने पहले मानवता को देखते हुए बच्चे की सुरक्षा पर ध्यान दिया, फिर अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। यह लोगों के लिए नसीहत होनी चाहिए।
गिरोह में शामिल दंपती समेत पांच गिरफ्तार
करनैलगंज। करनैलगंज क्षेत्र से 7 साल के बच्चे का अपहरण कर 4 करोड़ की फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात में गिरोह के सूरज पांडेय पुत्र राजेंद्र पांडेय निवासी ग्राम शाहपुर थाना परसपुर मौजूदा निवास सकरौरा शहरी करनैलगंज, उसकी पत्नी छवि पांडेय पत्नी सूरज पांडेय, उसका भाई राज पांडेय पुत्र राजेन्द्र पांडेय तथा उमेश यादव पुत्र रमाशंकर यादव निवासी सकरौरा थाना करनैलगंज, दीपू कश्यप पुत्र राम नरेश कश्यप निवासी सोनवारा थाना करनैलगंज एसटीएफ एवं गोंडा पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। जिसमें दो बदमाश दीपू और उमेश पुलिस की गोली से घायल हैं। उनके पास से अपहरण में प्रयुक्त आल्टो कार, एक 32 बोर की पिस्टल, दो अदद 315 बोर तमंचा बरामद हुआ है।
पुलिस की कामयाबी पर भाजपा विधायक ने दी बधाई
करनैलगंज। शनिवार की सुबह अपहृत बालक की सकुशल बरामदगी के बाद करनैलगंज क्षेत्र के भाजपा विधायक कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया ने पुलिस एवं एसटीएफ की टीम को इस कामयाबी के लिए बधाई दी है। कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की नीतियों के तहत पुलिस का कार्य सराहनीय रहा है। घटना के बाद अपराधियों के हौसले पस्त होंगे। उधर बच्चे की बरामदगी के बाद से राजेश गुप्ता के घर राजनेताओं का तांता लगा रहा। विधायक ने कहा कि पुलिस के अधिकारी प्रयास करेंगे। जिले में अपराधियों की जगह जेल हो और ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के साथ सख्ती से पेश आया जाए। जिससे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।