फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: रेलिंग तोड़कर ओवरब्रिज से गिरा टैंकर

Mon, 10 Nov 2025 11:40 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरा आरसीसी मि​क्सिंग वाहन। - संवाद
विज्ञापन
झंझरी/गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में बड़गांव ओवरब्रिज से रविवार देर रात टैंकर (आरसीसी मिक्सिंग वाहन) रेंलिंग तोड़ते हुए 40 फिट नीचे गिर गया। हादसे की तेज आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा।पुलिस के मुताबिक ओवरब्रिज पर बाइक सवार को बचाने के दौरान टैंकर अनियंत्रित होने से हादसा हुआ है। इससे टैंकर चालक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां से एक को नाजुक हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन

बड़गांव चौकी प्रभारी विपुल पांडेय ने बताया कि रविवार को गुरुनानक चौक के पास एक निर्माणाधीन मॉल की छत की ढलाई का काम चल रहा था। इसके लिए बलरामपुर स्थित प्लांट से टैंकर से आरसीसी मेटेरियल मंगाया जा रहा था। देर रात ओवरब्रिज के पास तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो देखा कि ओवरब्रिज के नीचे टैंकर पड़ा है। हादसे में 26 वर्षीय चालक मुकेश तिवारी व उनके भाई आकाश तिवारी निवासी पारा सराय इटियाथोक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां से मुकेश को गंभीर हालत में ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पहले भी गिर चुके है कई वाहन
बड़गांव ओवरब्रिज से दो साल पहले बलरामपुर से आ रही जीप रेलिंग तोड़कर गिर चुकी है। इसे हादसे में चालक ने कूदकर जान बचा ली थी। ओवरब्रिज के नीचे चाय की दुकान चलाने वाले राजू ने बताया कि एक साल पहले रेलिंग तोड़कर जीप गिरने से एक बालक की दबकर मौत हो गई थी। आसपास के लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज के नीचे सब्जी की दुकानें लगती हैं। इसके चलते यहां दिनभर भीड़भाड़ रहती है। गनीमत रही कि देर रात हादसा हुआ अन्यथा ओवरब्रिज से टैंकर गिरने से कई लोग चपेट में आ जाते।
विज्ञापन


बैरिकेडिंग व बचाव के इंतजाम न होने से मंडराया खतरा
हादसे में ओवरब्रिज की रेलिंग के साथ ही तीन बीम भी टूट गए। एक दुकान का टिनशेड भी टूट गया। रेलिंग टूटने के बावजूद ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन जारी है। हादसे से बचाव के लिए बैरिकेडिंग या कोई अन्य इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐसे में ओवरब्रिज पर हादसे की आशंका बनी हुई है। आसपास के लोगों का कहना है कि टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन बीम टूटने के कारण ओवरब्रिज कमजोर हो गया है, इस पर आवागमन सुरक्षित नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें