मनकापुर। कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा में शनिवार को मीना मंच-प्रगति के पंख कार्यक्रम के तहत बच्चों को विद्यालय और आसपास के खतरनाक स्थलों को चिह्नित करने की गतिविधि कराई गई। बच्चों ने ऐसे स्थानों पर लाल झंडी लगाने का अभ्यास किया, जहां दुर्घटना की आशंका रहती है, ताकि समय रहते लोग सतर्क हो सकें। बच्चों ने विद्यालय परिसर में रसोईघर, कूड़ा स्थल, नाली, मैदान में जमी काई, रास्ते के गड्ढे और निर्माणाधीन भवन समेत अन्य खतरनाक स्थानों को सूचीबद्ध किया। साथ ही इन स्थानों पर होने वाली संभावित घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में चांदनी यादव, माधुरी, करिश्मा, पूनम, कुसुम, खुशबू, अजीत, अंकित, प्रमोद, विशाल, विनोद, शुभम, पारुल, अंजू, अमरजीत, अल्फिया, साफिया और प्रिंस समेत अन्य बच्चों ने सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान शिक्षिका पूनम वर्मा, वरिष्ठ शिक्षक आलोक कुमार भारती, बलजीत सिंह कनौजिया, अरुण कुमार सिंह, सुरेश कुमार, अनुराधा मिश्रा, देवेंद्र प्रताप, पूनम यादव, अमर ज्योति और चित्रावती मौर्या मौजूद रहीं।