जिले में मंगलवार की शाम अचानक आई आंधी से कई स्थानों पर सड़कों पर पेड़ गिर गए। इससे घंटों आवागमन बाधित रहा। बिजली का खंभा गिरने से लोगों में हड़कंप मच गया। बिजली न होने के कारण कोई हादसा नहीं हुआ। आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं, बिजली गिरने से ललिया थाना क्षेत्र में एक बच्चे की जान चली गई।
मंगलवार की शाम आई आंधी से ललिया बाजार से हरिहरगंज जाने वाले मार्ग पर नीम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। लोगों की मदद से पुलिस ने सड़क से पेड़ हटवाया। पेड़ हटने के बाद आवागमन बहाल हुआ।
इससे थोड़ी ही दूर पर बिजली का खंभा तेज हवा के झोंके से सड़क पर गिर गया। बिजली कटी होने के कारण कोई हादसा नहीं हुआ। वहीं, बिजली गिरने से ललिया थाना क्षेत्र के गंगाबक्श भागड़ गांव निवासी ज्ञानचंद के 8 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार की झुलसकर मौत हो गई।
इसी थाना क्षेत्र के गोहिजपुरवा निवासी कन्हैया लाल का एक बैल भी बिजली के चपेट में आ गया और मौत हो गई। आसमान में काले घने बादल घिर गए और दिन में अंधेरा छा गया। उधर, हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के कठकुईयां गांव में मंगलवार शाम आई आंधी के बीच बाग में आम बीनने गई सगी बहनों के ऊपर अचानक पेड़ गिर गया।
पेड़ के नीचे दबकर बड़ी बहन की मौत हो गई। छोटी बहन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कठकुईयां गांव के प्रधान प्रतिनिधि राजेश कुुमार महंत ने बताया कि मंगलवार शाम गांव के ही महंगू की दो बेटियां हसीना (13) तथा चांदनी (8) आंधी के बीच आम बीनने गई थी। अचानक एक पेड़ हसीना तथा चांदनी के ऊपर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबकर हसीना की मौके पर ही मौत हो गई। चांदनी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।