कलेक्ट्रेट सभागार में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करते सीडीओ दयानंद प्रसाद व समाज कल्याण अधिका
गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी डीएम दयानंद प्रसाद ने जिला समाज कल्याण अधिकारी का कार्यालय स्थानांतरित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि विकास भवन के तीसरे तल पर संचालित जिला समाज कल्याण अधिकारी का कार्यालय भूतल पर स्थित डीआरडीए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे पेंशन और अन्य योजनाओं के लिए आने वाले बुजुर्गों को सीढ़ियां चढ़ने से राहत मिलेगी। अमर उजाला के 28 सितंबर को आयोजित संवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद इसका असर दिखा है।
कार्यक्रम में प्रभारी डीएम ने जिला मुख्यालय पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त सरकारी वृद्धाश्रम बनाने की भी घोषणा की। इसके लिए शहर में उपयुक्त सरकारी भूमि की तलाश की जा रही है। एसडीएम सदर और जिला समाज कल्याण अधिकारी को जमीन तलाशने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने पेंशन स्वीकृति के मामले में जिले के प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह को बधाई दी। साथ ही मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पर्चा और दवा वितरण काउंटर शुरू कराने की बात कही।
कार्यक्रम में 15 नए पेंशनर्स को स्वीकृति पत्र दिए गए। समाजसेवा में सक्रिय 15 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। केबी सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं रखीं। इस मौके पर अनिल श्रीवास्तव, गुलाब चंद तिवारी, गौरी शंकर तिवारी, वीरेंद्र पांडेय, डॉ. अरुण सिंह, हरीलाल लालवानी, अरविंद श्रीवास्तव, रामदेव सिंह, अशोक सिंह और कैलाश सिंह मौजूद रहे।