गोंडा। जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज के तीमारदार से खून दिलाने के लिए पैसा वसूलने वाले शव वाहन के चालक चंद्र प्रकाश सिंह की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। इसके साथ ही ब्लड बैंक में कार्यरत कर्मियों की जांच के लिए सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी को जांच सौंपी गई है।
जिला अस्पताल में परसपुर विकासखंड के हड्डी वार्ड में भर्ती मरीज फूलचंद को खून की आवश्यकता पड़ने पर उसके तीमारदार से शव वाहन के संविदा कर्मी चालक चंद्र प्रकाश ने सात हजार वसूल लिए।
शिकायत प्रकाश में आने के बाद डीएम मार्कंडेय शाही ने संबंधित चालक की सेवा समाप्त कर दी और प्रकरण में शामिल ब्लड बैंक कर्मियों की मिली भगत की जांच के लिए सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी को जांच अधिकारी नामित कर रिपोर्ट एक सप्ताह में मांगी है। डीएम शाही ने कहा है शासन की मंशानुरूप भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका क्विक एक्शन जारी रहेगा।