करनैलगंज। रसोई गैस की बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं की मुश्किल बढ़ गई हैं। बुकिंग कर चुके तीन हजार उपभोक्ताओं को गैस के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ेगी। करनैलगंज की मनोकामना इंडेन गैस एजेंसी पर रसोई गैस की आपूर्ति का गंभीर संकट गहरा गया है। गैस का लोड समय पर न मिल पाने के कारण एजेंसी प्रबंधन को वितरण रोकना पड़ा है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
एजेंसी प्रबंधक अरुण अरोरा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान एजेंसी को केवल दो बार सिलिंडर का लोड प्राप्त हुआ है, 360 सिलिंडर एक ट्रक में आता है। जो मांग की तुलना में बेहद कम है। उन्होंने बताया कि करीब 7000 उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग है। जिनके वितरण के लिए कंपनी ने दूसरी एजेंसियों को भी लगाया है। इसकी सूची चस्पा कर दी गई है। जिसमें लिखा है कि गैस का लोड न आने के कारण वितरण कार्य नहीं किया जा सकेगा।
मनोकामना एजेंसी से करीब तीन हजार गैस सिलिंडर की बुकिंग को अन्य नजदीकी इंडेन केंद्रों पर स्थानांतरित कर दिया है। सकरौरा इंडेन ग्रामीण को 15 मार्च तक की बुकिंग, फिजा इंडेन गैस एजेंसी मैजापुर को 16 मार्च से 17 मार्च तक की बुकिंग, मौर्य इंडेन गैस वितरक सेलहरी मंडप 18 मार्च से 19 मार्च तक की बुकिंग के सिलिंडर वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। सोमवार को दूर-दराज के क्षेत्रों से सिलिंडर लेने पहुंचे कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है और लोड मिलते ही वितरण व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, अब तक गैस की बुकिंग कराने वाले लोगों को करीब 10 किलोमीटर की अधिक दूरी तय करके गैस उठानी पड़ेगी।
रोज लग रही कतार, उपभोक्ता परेशान
इटियाथोक। गैस एजेंसी नौवागांव में सिलिंडर लेने के लिए करीब 150 उपभोक्ता लाइन में खड़े नजर आए। बताया गया कि रविवार को एजेंसी पर भीड़ और अव्यवस्था के चलते कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी थी, जिसके कारण सोमवार को भीड़ और बढ़ गई। अन्य गैस एजेंसी पर भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। सभी जगह उपभोक्ताओं को गैस के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
करनैलगंज। गैस एजेंसियों पर अनियमितताओं और उपभोक्ताओं की ओटीपी के दुरुपयोग से नाराज लोगों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया गया कि गैस वितरण के दौरान उपभोक्ताओं की ओटीपी का गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि ओटीपी नंबर लेकर सिलिंडर का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। ज्ञापन देने वालों में संजय पांडेय, विजय भारती, महंत सुनील पुरी, अरविंद गिरी, सविता मिश्रा, राम अनुज मिश्र समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।