गोंडा। यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं में उत्साह व आत्मविश्वास देखने को मिला। सुबह घर से निकलते समय जहां अधिकांश विद्यार्थी घबराहट व तनाव महसूस कर रहे थे, वहीं परीक्षा समाप्त होते ही उनके चेहरों पर संतोष व मुस्कान झलक रही थी।
शहीद आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले शिवम गुप्ता ने बताया कि पहली बार बोर्ड परीक्षा देने पर थोड़ा डर था, लेकिन जैसे ही प्रश्नपत्र हाथ में आया, आत्मविश्वास बढ़ गया। बताया कि पेपर बहुत अच्छा हुआ। आयुष गुप्ता ने बताया कि परीक्षा से पहले मन में कई तरह की शंकाएं थीं, लेकिन प्रश्नपत्र देखकर लगा कि तैयारी सही दिशा में थी।
तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज की ईशा सिंह ने बताया कि हिंदी का पेपर काफी सरल रहा। उन्होंने सभी प्रश्न हल किए हैं। 85 से 90 प्रतिशत अंक आने की उम्मीद जताई। आंचल सिंह ने भी बताया कि शुरुआत में घबराहट थी, लेकिन लिखना शुरू करते ही सब सामान्य हो गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावक भी बच्चों का हौसला बढ़ाते नजर आए। परीक्षा समाप्त होने के बाद बच्चों के चेहरों पर संतोष और आत्मविश्वास की झलक ने पहले दिन को सकारात्मक बना दिया।