गोंडा के ठठेरी बाजार में राखी पसंद करतीं बहनें। - संवाद
गोंडा। रक्षाबंधन पर्व शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए बाजार में उल्लास छाया है। बहनें अपने भाइयों की कलाई सजाने के लिए रेशमी धागे से बनी राखियां खरीद रही हैं। अच्छे कारोबार से व्यापारी भी खुश हैं।
शहर के चौक बाजार, चूड़ी गली, ठठेरी बाजार, भरत मिलाप चौराहा, पीपल तिराहा, गुड्डूमल चौराहा समेत ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में बृहस्पतिवार को खरीदारों की भीड़ उमड़ी। छोटे बच्चों के लिए एक से बढ़कर एक राखियां मार्केट में उपलब्ध हैं। मोटू-पतलू, डोरेमोन, छोटा भीम के साथ ही गणेश छाप, श्री श्याम, श्रीकृष्ण व भोलेनाथ के छाप वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। रेशमी धागों व मोतियों से बनी राखियां बहनों को भा रही हैं।
दुकानदार राजेश ने बताया कि अब बाजार चमक उठा है। खरीदारों की भीड़ है। अच्छा कारोबार होगा। दिनेश ने कहा कि मौसम भी ठीक हो गया है। दिन में हल्की धूप थी। शाम को एक बार फिर मौसम सुहाना हो गया। जिससे बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। बाजार में पांच रुपये से लेकर 500 रुपये तक में विभिन्न डिजाइन की राखियां उपलब्ध हैं। लुंबा भी खास चलन में है। बहनें भाभी के लिए स्पेशल लुंबा खरीद रही हैं।