मुजेहना (गोंडा)। गोंडा-उतरौला मार्ग पर शुक्रवार को सोनबरसा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने एक युवक को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के सोनबरसा गांव के मजरे टेड़िया के रहने वाले दुखी का बेटा गंगा (25) गुरुवार की देर शाम देवरिया अलावल गांव से पैदल अपने घर जा रहा था। वह गोंडा-उतरौला गांव के सोनबरसा गांव के पास पहुंचा था तभी सामने से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे के सूचना परिवार के लोगों को दी। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात राजनाथ सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।