बाबागंज (गोंडा)। रविवार की सुबह घर से काम पर निकले मजदूर का देर शाम घर पर शव पहुंचने से घर परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजनों की ओर से क्षेत्र के ही एक ईट-भट्ठा मालिक व अन्य पर साजिशन हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के पूरे सुकाली लोनियन पुरवा गांव के रहने वाले सत्यराम रविवार को क्षेत्र के पूरेमहा स्थित एक ईंट-भट्ठा पर काम करने गए थे। देर शाम घर पर शव पहुंचने से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी राजकुमारी ने बताया कि रविवार को उसके पति सत्यराम सुबह बगल गांव के पूरेमहा में संचालित एक ईंट-भट्ठे पर रोज की तरह मजदूरी करने गए थे। दोपहर में खाना खाने के लिए घर आये थे। खाना खाने के बाद वह फिर भट्ठे पर काम करने की बात कहकर गये थे।
शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो खोजबीन किया गया, लेकिन नहीं मिले। रात करीब आठ बजे भट्ठा मालिक ने एक वाहन से शव घर भेजवाया। इस पर पत्नी राजकुमारी ने भट्ठा मालिक व अन्य पर साजिशन पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।