उपविजेता बेटियों को सम्मानित करते डीआईओएस। स्रोत: विभाग
गोंडा। 69वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल के बालिका वर्ग की खो-खो टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर मंडल की टीम उपविजेता बनी है। मंडल को यह उपलब्धि 25 वर्ष बाद मिली है। सम्मान पाकर लौटीं खिलाड़ियों को डीआईओएस ने सोमवार को सम्मानित किया।
अयोध्या में चार से आठ नवंबर तक प्रदेश स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया था। खो-खो प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल की टीम से गोंडा की संगीता, नायरा बानो, नुजहत फातिमा, सलोनी सोनी, दिव्यांशी, सलोनी व शिल्पा तथा श्रावस्ती की अन्नू वर्मा, दुर्गा देवी व सुनैना ने टीम को फाइनल मुकाबले तक पहुंचाया। फाइनल मुकाबले में गोरखपुर मंडल की टीम विजेता बनी। देवीपाटन मंडल को 25 वर्ष बाद उपविजेता का खिताब मिला।
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र व मंडलीय क्रीड़ा अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने सोमवार को उपविजेता बेटियों को सम्मानित किया। इस दौरान खेल सचिव राजेश चंद्र पांडेय, मेजर डॉ. राजेश द्विवेदी, वरिष्ठ खेल शिक्षक रामजीत राम, शत्रुघ्न शुक्ल आदि मौजूद रहे।