पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते नव निर्मित विद्युत उपकेंद्र तरबगंज ढोढ़ेपुर से निकली एचटी लाइन का तार वैश्यन पुरवा के पास शनिवार देर रात टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। जिससे ढोढ़पुर व रामापुर के गांव के मजरा दीनपुरवा के 20 घरों में करंट उतरने से दो महिलाएं इसकी चपेट में आने से झुलस गईं। वहीं करंट उतरने से चार लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण जल गए।
नव निर्मित विद्युत उपकेंद्र तरबगंज ढोढ़ेपुर में शनिवार की रात पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता तरबगंज कर्मचारियों के साथ एचटी लाइन की टेस्टिंग करा रहे थे। इसी बीच विद्युत उपकेंद्र ढोढ़ेपुर से निकली एचटी लाइन का तार वैश्यन पुरवा के पास टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। जिससे ढोढ़पुर व रामापुर के गांव के मजरा दीनपुरवा के 20 घरों में करंट उतर आया।
जिससे हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से ढोढ़ेपुर के बिरतिहन पुरवा के रहने वाले रामनेवाज तिवारी के परिवार की दो महिलाएं झुलस गईं। जिनका निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया गया है।
रामनेवाज तिवारी व वैश्यनुपरवा के लक्ष्मण गुप्ता का कहना है कि पिछले कई दिनों से विद्युत उपकेंद्र के लिये बनाई गई लाइन का अपर अभियंता परीक्षण कर रहे थे। परीक्षण के दौरान गांव वालों ने उन्हें बताया था कि इससे पहले जब लाइन चालू की गई तो हाईटेंशन करंट लोगों के घरों में उतर आया था। जिसमें लोगों के घरों के चार लाख रुपये के इलेक्ट्रानिक्स उपकरण जल गए थे। इसके बावजूद अवर अभियंता ने सुरक्षा मानकों की पड़ताल किए बगैर लाइन चालू करा दी।, जिससे लोगों का नुकसान हुआ है।
उधर, अवर अभियंता एसके विश्वकर्मा का कहना है कि आरोप निराधार है। उन्होंने बताया कि टेस्टिंग के दौरान हाईटेंशन लाइन का तार क्रॉसिंग पर टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया था, जिसे जुड़वा दिया गया है।