सिंचाई ठेकेदार समिति के सदस्यों की बैठक सोमवार को सरयू नहर कॉलोनी स्थित कार्यालय में हुई। इसमें सिंचाई विभाग के पंजीकृत ठेकेदारों ने मांगों के समर्थन में आरपार की लड़ाई का एलान किया। साथ ही ठेकेदारों ने मांगें पूरी न होने पर 20 अप्रैल से क्रमिक अनशन शुरू करने का निर्णय भी लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए सिंचाई ठेकेदार समिति बलरामपुर के अध्यक्ष बीएन सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग में छोटे-बड़े कामों का लाट बनाकर बड़े-बड़े फर्मों के साथ अनुबंध किया जा रहा है।
बड़ी फर्मों के साथ अनुबंध के चलते विभाग के पंजीकृत छोटे ठेकेदार तथा श्रमिक बेरोजगार हो रहे हैं। समिति के सदस्यों ने सरकार की ठेकेदार विरोधी नीति की आलोचना करते हुए मांग की कि सिंचाई विभाग में पंजीकृत डी श्रेणी से उच्च श्रेणी तक के ठेकेदारों के लिए निविदाएं आमंत्रित की जाएं।
इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ठेकेदार विरोधी नीति को समाप्त करने के लिए पंजीकृत ठेकेदारों द्वारा 20 अप्रैल से सिंचाई विभाग सरयू नहर कॉलोनी में कर्मिक अनशन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर कामता प्रसाद, गुरदीप सिंह, महिपाल पांडेय, संतोष कुमार, दीप नरायन, राकेश कुमार तिवारी, सौरभ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।