बुधवार को भारत सरकार की एनआरएचम की टीम ने जिले के तीन अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने केंद्र व राज्य सरकारों के स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियांवयन की गहन पड़ताल की। टीम ने मरीजों व तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। एक दिवसीय कार्यक्रम का कोरम पूरा करके टीम वापस लौट गई।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भारत सरकार की सदस्य डॉ. रेनू श्रीवास्तव व राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम लखनऊ की सहायक महाप्रबंधक डॉ. रेशमा की दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को जिला महिला अस्पताल, जिला मेेमोरयिल अस्पताल व संयुक्त जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
टीम के सदस्यों ने महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीना वर्मा सेेे लेबर रूम, सिक न्यू बार्न केयर यूनिट और वार्डों के हालात पर गहन चर्चा की। केंद्र व राज्य सरकार के गाइड लाइन के अनुसार प्रसूता महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं के बार में मरीजों व तीमारदारों से भी टीम ने पूछताछ की। टीम ने सीएमएस से सभी फंड के प्रयोग व मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं के बार में भी चर्चा की।
जिला पुरुष अस्पताल में इमरजेंसी, दवा केंद्र, पोषण पुनर्वास केंद्र सहित अन्य सभी वार्डों का निरीक्षण कर सीएमएस डॉ. एसएचएफ जैदी से स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना।
निरीक्षण के दौरान मौजूद उप-सीएमओ डॉ. जयंत कुमार, एमआरएचएम के कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर मो. नाजिम, डॉ. सुनील कुमार वर्मा से विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन की जानकारी ली।
फेमिली प्लांनिग के जनरल मैनेजर डॉ. पंकज सक्सेना ने चिकित्सकों, कर्मियों व मरीजों के रजिस्टर की जांच-पड़ताल की। टीम ने संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचकर सीएमओ डॉ. आशुतोष गुप्ता के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की पड़ताल की। इस दौरान अजय श्रीवास्तव, मो. शमीम, रामशंकर, पूनम सिंह व शिवेन्द्र मणि त्रिपाठी सहित अस्पताल के स्टाफ व कर्मी मौजूद रहे।