उमरी बेगमगंज। ऐली परसौली घोड़हन पुरवा निवासी प्रकाश निषाद (28) का शव रविवार सुबह उमरी हनुमंत नगर में उनके दोस्त मोहित निषाद के घर में मिला। पिता धर्मपाल निषाद ने दोस्त मोहित व घोड़हन पुरवा निवासी ननकू निषाद पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे घटना की सूचना मिली। प्रकाश का शव मोहित में घर में जमीन पर पड़ा मिला। पूछताछ में पता चला कि प्रकाश ने मोहित की बहन के गहने गिरवी रख दिए थे। इसको लेकर मोहित व ननकू दबाव बना रहे थे। आरोप है कि इसी से क्षुब्ध होकर प्रकाश ने फंदे से लटककर जान दे दी। हालांकि मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मोहित की बहन की जेवर गिरवी रखने की पुष्टि हुई है। (संवाद)