गोंडा। फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाकर मारपीट का आरोपी दुबई भाग गया। आईजी से शिकायत पर हुई जांच में इसका खुलासा होने से पुलिस-प्रशासन में खलबली मची हुई है। हैरानी की बात तो यह है कि मारपीट के मामले में आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। अब इस मामले में कौड़िया थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कौड़िया बाजार के कल्याणपुर गांव निवासी कुर्बान अली की पत्नी मोहरमा ने बताया कि गांव के मंसूर अली के बेटे मेहर अली उर्फ राजू से उनका भूमि विवाद चल रहा है। आरोपी ने दबंगई के बल पर उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर रखा है। मोहरमा के विरोध जताने पर मेहर अली ने उनके हाथ-पैर तोड़ दिए थे। उनके बेटे को भी पीटा था। पैर में रॉड पड़ने पर मोहरमा अब किसी तरह चल पा रही हैं। मारपीट के इस मामले में कौड़िया पुलिस ने आरोपी मेहर अली उर्फ राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। कोर्ट में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई थी। कई नोटिस के बाद भी आरोपी मेहर अली कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। इस पर कोर्ट से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो गया।
मोहरमा ने आईजी को शिकायती पत्र देकर बताया कि आरोपी मेहर अली ने मोहम अली पुत्र मंसूर के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाया। इसके बाद इसी आधार कार्ड की मदद से पासपोर्ट बनवाकर दुबई भाग गया। आईजी ने सीओ करनैलगंज व एसडीएम की संयुक्त टीम गठित कर जांच कराई। आरोपों की पुष्टि होने के बाद अब इस मामले में कार्रवाई की गई है।
कौड़िया के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर मोहरमा की तहरीर आरोपी मेहर अली उर्फ राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है। छानबीन की जा रही है।
पुलिस सत्यापन पर भी उठे सवाल
फर्जीवाड़ा करने का आरोपी मेहर अली उर्फ राजू पुलिस की सत्यापन रिपोर्ट से ही पासपोर्ट बनवाने में सफल हो सका। ऐसे में अब इस मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोपी मेहर अली के खिलाफ एफआईआर के साथ ही चार्जशीट दाखिल हो चुकी थी, गैर जमानती वारंट भी था। इसके बाद भी पासपोर्ट आवेदन में सत्यापन रिपोर्ट लगने से हल्का दरोगा व सिपाहियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। प्रकरण अधिकारियों के संज्ञान में है, ऐसे में मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।