गोंडा। महाशिवरात्रि पर बुधवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। भोर से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। लोगों ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक के साथ ही रुद्राभिषेक किया। हर-हर महादेव, ओम नम: शिवाय, बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर और शिवालय गूंजते रहे।
शहर स्थित दुखहरणनाथ मंदिर के कपाट भीड़ के कारण भोर तीन बजे ही खोल दिए गए थे। मंदिर के बाहर से ही डोंगे के माध्यम से जलाभिषेक किया गया। डोंगे में भक्त जल अर्पित कर रहे थे जो सीधे मंदिर में शिवलिंग का अभिषेक कर रहा था। दूध के साथ ही बेलपत्र, भांग, धतूरा, बेर, धूप आदि से लोगों ने पूजन-अर्चन किया। यहां अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राजीव मोहन सक्सेना, नगर कोतवाल संतोष कुमार मिश्र निगरानी कर रहे थे।
मसकनवा संवाद के अनुसार प्रसिद्ध बाबा पाटेश्वर नाथ मंदिर, तिलेश्वर नाथ मंदिर, शिव मंदिर सोहिला, स्वामी नारायण छपिया मंदिर, राम जानकी मंदिर, राजा साहब फार्म हाउस स्थित मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक के लिए भोर से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। स्वामी नारायण छपिया मंदिर में महंत देव स्वामी सहित अन्य भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का पूजा अर्चना किया। महमूदपुर गांव सहित अन्य स्थानों पर में 24 घंटे ओम नमः शिवाय जाप का आयोजन किया गया।
प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक व पूजन अर्चन किया। भोर में तीन बजे से ही श्रद्धालुओं का यहां पहुंचना शुरू हो गया था। विशाल मेला लगा। श्रद्धालुओं ने भव्य शिवलाट पर बेलपत्र, भांग, गन्ना, बेर, धतूर, दूध के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान गर्भगृह सहित मंदिर परिसर हर-हर महादेव के उदघोष से गुंजायमान रहा। यहां बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर आदि स्थानों के शिवभक्त विभिन्न साधनों से पहुंचे।
इटियाथोक संवाद के अनुसार जयप्रभाग्राम के परिसर में स्थित भक्ति धाम मंदिर में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। यहां पर मेले का भी आयोजन हुआ। इसके अलावा बेलवा कर्मडीह के सदाशिव नाथ मंदिर, परसिया गूदर के चित्तेश्वर नाथ मंदिर, गोकरननाथ शिवाला, पारासराय के धुरिहा बाबा शिवलाट पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
परसपुर संवाद के अनुसार कंडरु भारी स्थित प्राचीन शिव मंदिर, सिंगरिया के अति प्राचीन सुभगनाथ मंदिर, कस्बा के नौशहरा में नर्वदेश्वर नाथ शिव मंदिरों के साथ भौरीगंज, आंटा, पसका, डेहरास, मोहना, छितौनी सहित ग्रामीण अंचलों में भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। कस्बा के राजपुर मोहल्ले में आशीश्वर नाथ महादेव मंदिर पर भंडारा हुआ। मनकापुर संवाद के अनुसार भोर में शिव मंदिर व शिवालयों के कपाट खुलते ही क्षेत्र के करोहानाथ शिव मंदिर, मोटेनाथ शिव मंदिर, सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर, मनोकामना शिव मंदिर, माईराम कुट्टी शिव मंदिर, दिनकरपुर में नरदेश्वर शिव मंदिर, जिगना बाजार स्थित पंचमुखी शिव मंदिर में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया।
करनैलगंज संवाद के अनुसार प्रसिद्ध बरखंडी नाथ महादेव मंदिर, मोहल्ला सकरौरा स्थित बड़ा शिवाला, सरयू घाट पर संतेश्वर नाथ महादेव मंदिर, मनकामेश्वर नाथ महादेव मंदिर, चौक घण्टाघर, गाड़ी बाजार, कसगरान, गुड़ाही बाजार, गायत्री मंदिर परिसर स्थित शिवमंदिर, बालूगंज, गोनई गोसांई पुरवा, बाबागंज चौराहा, सकरौरा घाट व कटरा घाट स्थित शिवमंदिर सहित क्षेत्र के लगभग सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, व दूध अर्पित कर विधिवत पूजन अर्चन किया। एसडीएम भारत भार्गव, सीओ सौरभ वर्मा, प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।