तरबगंज। गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम से एक युवक भिड़ गया। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की। जान से मारने की धमकी दी और हाथापाई पर उतारू हो गया। पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खड़ौरा निवासी सविता ने शनिवार शाम 07:50 बजे पुलिस को सूचना दी कि बेलसर निवासी अनिल पांडेय उर्फ ननकुन्ने उनके दरवाजे पर गाली-गलौज कर रहा है। जान से मारने की धमकी दे रहा है। उपनिरीक्षक राकेश कुमार पांडेय पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला। करीब 08:27 बजे पुलिस को दोबारा सूचना मिली कि आरोपी गोपीपुर तिराहे से आगे सड़क पर मौजूद है। पुलिस टीम वहां पहुंची तो वह मिल गया। पुलिस ने पूछताछ का प्रयास किया तो वह अभद्रता करने लगा और हाथापाई पर उतारू हो गया। उसने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। अभद्रता करता रहा। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और सड़क पर हंगामा कर रहा था। उपनिरीक्षक की तहरीर पर तरबगंज थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।