झंझरी/गोंडा। बाराबंकी के रामनगर में हाईवे पर धनौरा मोड़ के पास सोमवार भोर हुए हादसे में गोंडा के चार लोगों की मौत से तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस से हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों को बिलखते देख हर आंख नम हो गई। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शहर के मालवीय नगर चौक निवासी सुधीर उर्फ राजवीर (35) पत्नी शांति सिंह उर्फ सुनीता (32), बेटी अन्वी (05), खिराभा निवासी बहनोई रमाशंकर मौर्य (40), बहन पूजा (35), भांजे दक्ष उर्फ आयुष के साथ चचेरे भाई अवध नरेश की सगाई में कार से कानपुर गए थे।
लौटते समय सोमवार तड़के करीब पांच बजे बाराबंकी के रामनगर इलाके में हादसा हो गया। इससे सुधीर, उनकी पत्नी सुनीता, बहनोई रमाशंकर और कार चालक इमामबाड़ा निवासी अयान कुरैशी (30) की मौके पर ही मौत हो गई। पूजा, दक्ष और अन्वी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस से सूचना मिलते ही सुधीर, रमाशंकर व अयान के परिजनों में कोहराम मच गया। घायलों की हालत जानने के लिए भी परिजन व रिश्तेदार बेचैन हो गए। केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
शव देख बिलख पड़े परिजन व रिश्तेदार
गोंडा। बाराबंकी में हादसे में जान गंवाने वाले दंपती समेत चार लोगों के शव सोमवार शाम को घर लाए गए। शव देखते ही परिजन व रिश्तेदार बिलख पड़े। ये नजारा देख अन्य लाेगों की आंखें भी नम हो गईं। पड़ोसी और रिश्तेदार पीड़ित परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। पीपल तिराहे पर इस कदर भीड़ हो गई कि पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी। (संवाद)
केंद्रीय राज्यमंत्री ने जताया शोक
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।