मर्च्युरी हाउस में रोते-बिलखते परिजन। - संवाद
गोंडा। चार दिसंबर को जहां घर में शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, वहीं चार दिन बाद सिसकियां गूंज रही हैं। अयोध्या मार्ग पर हुए हादसे में तीन मौतें ही नहीं हुईं, तीन परिवारों की दुनिया उजड़ गई। सोमवार को परिजन मोर्चरी पहुंचे तो शवों को देखकर संयम टूट गया। माहौल करुण क्रंदन से भर गया।
आवास विकास कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त रेलकर्मी प्रमोद गुप्ता के बेटे नितिन गुप्ता की शादी चार दिसंबर को थी। इसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदार आए थे। रविवार को नितिन अपने बहनोई अक्षत अग्रवाल, बहन नेहा, उनकी सास नीता अग्रवाल निवासी गंगा बैराज थाना मूलगंज हटिया, कानपुर को अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचाने जा रहे थे। अक्षत, नेहा, नीता व तीन साल की मासूम अनाया को बंगलुरू जाना था। अक्षत बंगलुरू के कुमार कुंटीरा सात क्रॉस रोड प्रूरना प्रजना लेआउट उत्तराहल्ली कोडीपुर में सपरिवार रहकर केनरा बैंक में नौकरी करते थे।
नितिन के मौसेरे भाई नोएडा के सेक्टर 24 स्थित भविष्य निधि कार्यालय में नौकरी करने वाले आशु अग्रवाल निवासी लक्ष्मीनगर प्रभु टाॅकीज जगदीशपुर आगरा भी एयरपोर्ट जा रहे थे। हादसे में अक्षत अग्रवाल, उनकी मां नीता अग्रवाल के साथ ही आशु अग्रवाल की भी मौत हो गई थी। शव मोर्चरी में रखे गए थे। मृतकों के परिजनों का इंतजार किया जा रहा था।
सोमवार को आशु के पिता मुकेश अग्रवाल, मां ममता अग्रवाल, रिश्तेदार संजय अग्रवाल समेत अन्य परिजन आगरा से पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही एक बार फिर चीख-पुकार मच गई। शव देखते ही मां और बड़े भाई विकास बदहवास हो गए। परिवार की महिलाएं भी बिलखती रहीं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन आशु का शव लेकर आगरा चले गए। आशु के मौसेरे भाई डॉ. हिमांशु मित्तल ने बताया कि आगरा में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। जबकि, अक्षत और उनकी मां नीता का अंतिम संस्कार कच्चे बाबा आश्रम में कराया गया। पुणे में बैंक ऑफ महाराष्ट्रा में नौकरी करने वाले बड़े भाई आयुष अग्रवाल ने छोटे भाई अक्षत व मां नीता को मुखाग्नि दी। मां-बेटे की चिता को देखकर सभी की आंखें नम हो गईं।
कोतवाली में जुटे रहे परिवार के लोग
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन सोमवार की सुबह मोर्चरी के बाद सीधे नगर कोतवाली पहुंचे। यहां पुलिसकर्मियों से बातचीत की। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने मदद का भरोसा दिया। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को सांत्वना दी। वजीरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि परिजन की तहरीर पर उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।