गोंडा। 3014 बुजुर्गों के खाते में हर तीसरे माह मिलने वाली पेंशन नहीं पहुंच सकी है। परेशान बुजुर्ग बैंकों व समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। विभाग का दावा है कि लाभार्थियों के बैंक खाते का सत्यापन न होने के कारण धनराशि का ट्रांजेक्शन नहीं हो सका।
समाज कल्याण विभाग की ओर से 1,50,847 लाभार्थियों को हर तीसरे महीने तीन हजार रुपये की पेंशन उनके खाते में दी जाती है। इस बार तिमाही की जो किस्त जारी की गई। उसमें 3014 लाभार्थियों के खाते में भेजी गई किस्त का ट्रांजेक्शन फेल हो गया। 5,590 लोगों का भुगतान पेंडिंग है। खाते में धनराशि न आने से बुजुर्ग परेशान होकर बैंकों व समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
वृद्धावस्था पेंशन की ये है पात्रता
आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति जिसकी आयु 60 साल से अधिक हो। शहरी बुजुर्ग की वार्षिक आमदनी 56,460 रुपये तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए 46,080 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना का लाभ देने के लिए http://sspy.up.gov.in/ वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदक का विवरण दर्ज करने के बाद फोटो, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, आय प्रमाणपत्र आदि पत्रावली अपलोड करनी होगी।
ई-केवाईसी न होेने से रुकी पेंशन
जिन लाभार्थियों के खाते में भुगतान नहीं पहुंचा है। उनके खाते में आधार कार्ड नहीं लिंक है अथवा अन्य कोई त्रुटि है। लाभार्थियों से ई-केवाईसी कराने का अनुरोध किया जा रहा है। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की ओर से सभी 16 विकासखंड कार्यालयों पर शिविर लगाकर आधारकार्ड सीडिंग किया जाएगा।
राजेश चौधरी, समाज कल्याण अधिकारी