फोटो- 18- गोंडा के स्वामी नारायण मंदिर में पूजन करतीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल। (संवाद)
- फोटो : GONDA
मसकनवा (गोंडा)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को भगवान घनश्याम महाराज की जन्मस्थली स्वामीनारायण छपिया मंदिर में पहुंचकर भगवान घनश्याम महाराज का दर्शन किया। राज्यपाल और साथ में आए अनुपम मिशन मोगरी आनंद गुजरात के संत साहब जी महाराज का स्वागत मंदिर के महंत स्वामी देव प्रकाश दास व कोठारी विष्णु स्वामी, अनुपम मिशन नवयुवक मंडल के भानुप्रताप ने किया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार की सुबह 11 बजे स्वामीनारायण छपिया मंदिर के कुछ दूरी पर बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरीं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दी। वाहन से वह मंदिर पहुंचीं। उन्होंने भगवान घनश्याम महाराज की जन्मस्थली मंदिर, निज मंदिर का दर्शन किया। पंडित प्रहलाद त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा अर्चना कर पूजन संपन्न कराया। राज्यपाल ने महंत स्वामी व अन्य संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर के सामने बने पवित्र नारायण सरोवर सहित अन्य दर्शनीय स्थलों को देखा। मंदिर में बने सभा मंडप गुजरात व विदेश से सैकड़ों स्वामी नारायण संप्रदाय के अनुयाइयों को संबोधित किया।
राज्यपाल का स्वागत शहनाई तथा स्वामी नारायण संप्रदाय के भक्तों ने करतल ध्वनि से किया। मंदिर दर्शन के उपरांत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल प्राथमिक विद्यालय छपिया पहुंचीं। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से अध्ययन-अध्यापन के बारे में जानकारी ली। दोपहर तीन बजे राज्यपाल स्वामीनारायण छपिया मंदिर से रवाना हुईं। इस मौके पर जिलाधिकारी उज्जवल कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जक्शन तिवारी, ज्ञानप्रकाश पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।