मुजेहना (गोंडा)। विधानसभा मेहनौन कांग्रेस प्रत्याशी के सुरक्षाकर्मियों के वाहन में मंगलवार की दोपहर कोनिया बनकट गांव के पास एक चौपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। कांग्रेस प्रत्याशी ने थाना धानेपुर में वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
मेहनौन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कुतुबुद्दीन खान डायमंड ने बताया कि मंगलवार को वह अपने पूरे सांवल उज्जैनीकला स्थित जनसंपर्क गार्डन से समर्थकों के साथ वाहनों से बाबागंज बाजार होते हुए जनसंपर्क के लिए धानेपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उतरौला मार्ग पर कोनिया बनकट गांव के समीप उनका काफिला पहुंचा था। तभी पीछे से एक चौपहिया वाहन ने उनके सुरक्षाकर्मियों के वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भागते समय चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मामले में कांग्रेस प्रत्याशी कुतुबुद्दीन खान ने थाना धानेपुर में वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष धानेपुर शेषमणि पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी का कहना है कि हार के डर से विरोधी उनके चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।