गोंडा। जिले में शनिवार को गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस होने से दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिला। घर से बाहर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए गमछे और छाते का सहारा लेते नजर आए।
दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। जरूरी काम से निकले लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढंककर चलते दिखे। बाजारों में भी गर्मी का असर दिखाई दिया।वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक रविवार को लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
फिलहाल, अभी अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। पिछले एक सप्ताह से पूरब से पश्चिम तक भीषण गर्मी का दौर जारी है। अभी अगले पांच दिन आसमान से आग बरसेगी। अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के आसार हैं।