तरबगंज/इटियाथोक। जिले में बृहस्पतिवार को दो सड़क हादसे हुए। इटियाथोक में बाइक की टक्कर से घायल 16 वर्षीय अज्ञात साइकिल सवार किशोर ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। वहीं, तरबगंज क्षेत्र में ई रिक्शा से टक्कर में बाइक सवार रक्षाराम (34) की मौत हो गई।
इटियाथोक में बेलवा कर्मडीह गांव के पास बृहस्पतिवार शाम बलरामपुर मार्ग पर बाइक और साइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में साइकिल सवार 16 वर्षीय किशोर और बाइक सवार धर्मपाल (20) व निरहू (17) निवासी बैनिया देहात कोतवाली घायल हो गए। धर्मपाल और निरहू दवा लेने बाइक से महाराजगंज बाजार जा रहे थे।
बेलवा कर्मडीह के पास बाइक की साइकिल से टक्कर हो गई। आसपास के लोगों ने पीआरवी को सूचना दी। पुलिस ने तीनों घायलों को इटियाथोक सीएचसी पहुंचाया, जहां किशोर की मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि मृत किशोर की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घायल युवकों का इलाज चल रहा है।
उमरी बेगमगंज के अमौठी निवासी रक्षाराम (34) सुबह 11 बजे गांव के संजीत के साथ बाइक से पकड़ी बाजार गए थे। लौटते समय अमदही कस्बे के पास गन्ना तोल केंद्र के निकट तीव्र मोड़ पर बाइक सामने से आ रहे ई रिक्शा से टकरा गई। दोनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रक्षाराम को मृत घोषित कर दिया। संजीत का उपचार चल रहा है। उमरी बेगमगंज थाना प्रभारी पवन मिश्र ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की सूचना मिली है। मामले में जानकारी जुटाई जा रही है।