गोंडा। जिला कारागार में चेकिंग के दौरान 10 कारतूस के साथ पकड़ी गई किशोरी अपने प्रेमी से मिलने गई थी। पुलिस की पूछताछ में किशोरी ने यह बात कबूल की है। बाद में कोतवाली से ही उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।
नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिला कारागार में जानलेवा हमले ओर पॉक्सो एक्ट के आरोप में निरुद्ध बंदी हर्षू का किशोरी से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। किशोरी के मामले में ही वह पॉक्सो एक्ट में जेल में बंद है। उसी से मिलने किशोरी बृहस्पतिवार को जेल गई थी। वहां गेट पर चेकिंग के दौरान पहचान पत्र फर्जी मिला। तलाशी में झोले में 10 कारतूस भी पकड़े गए थे।
मामले में जेलर की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसके हर्षू से संबंध हंै। उसी के कहने पर वह पिता की रिवाॅल्वर के 10 कारतूस लेकर हर्षू से मिलने गई थी। वह कारतूस लेकर क्यों गई थी, इसका जवाब नहीं दे पा रही है। (संवाद)