शनिवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी कमिर्यों एवं चौकीदारों के तैनाती सहित अन्य मांगे जोर-शोर से उठाई गई। दूध वितरण व्यवस्था लागू करके सरकार शिक्षकों का बेवजह शोषण कर रही है। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन शिक्षकों ने डीएम को सौंपा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह व मंत्री मंगलदेव मिश्र के नेतृत्व में शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों की सुरक्षा के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के साथ-साथ में चौकीदारों की तैनाती कराई जाए।
नगर क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी तत्काल दूर कराई जाए। आरटीआई मानक के अनुसार स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था लागू किए जाने की मांग की गई। पति व पत्नी दोनों को किराया भत्ता दिलाया जाए।
राज्य कर्मचारियों की तरह शिक्षकों को चिकित्सकीय सुविधा का लाभ दिलाया जाए। सामूहिक बीमा की धनराशि पांच लाख रुपये किए जाने की मांग की गई।
अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू कराने की मांग रखी गई। एमडीएम के तहत किए जा रहे दूध वितरण की व्यवस्था तत्काल बंद कराई जाए।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इस दौरान मसरूर अहमद, अब्दुल मन्नान, राजेन्द्र कुमार चौरसिया, कमलेश कुमार यादव, नवीन सिंह, अनूप कुमार सिंह, मोहम्मद जावेद, उमेश चंद्र व आलोक कुमार सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।