शाहपुर (गोंडा)। शिक्षा क्षेत्र करनैलगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर टेपरा में बुधवार को बच्चों के सामने हाजिरी लगाने को गुरुजी भिड़ गए। सूचना पर आई 112 पुलिस ने दोनों शिक्षकों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बीईओ करनैलगंज नूतन जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है।
सहायक अध्यापक अजय कुमार का कहना है कि साथी शिक्षकों को बताकर किसी कारणवश पांच मिनट देरी से पहुंचे तो प्रधानाध्यापक गजाधर सिंह ने उन्हें अनुपस्थित कर दिया। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद एक-दूसरे से हाथापाई की नौबत आ गई। इस दौरान बच्चे सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह से शांत कराया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक गजाधर सिंह का कहना है कि रोजाना अजय कुमार देरी से पहुंचते हैं। इसकी शिकायत अधिकारियों से भी कर चुके हैं। मगर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि शासन के मंशा के अनुरूप से शिक्षकों को समय से पहुंचकर पठन-पाठन कराया जाना है। बावजूद इसके साथी शिक्षक ध्यान नहीं दे रहे हैं। बीईओ करनैलगंज नूतन जायसवाल ने बताया कि जानकारी के बाद मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की गई। प्रथमदृष्टया प्रधानाध्यापक व शिक्षक के बीच आपसी विवाद है। दोनों को हिदायत दी गई है।