गोंडा। रोडवेज बस अड्डे के सामने सोमवार सुबह बस से दो सवारियां उतारने को लेकर रोडवेज चालक व परिचालक का टैक्सी चालक से विवाद हो गया। टैक्सी चालक ने फोन करके तीन साथियों को बुला लिया। फिर चारों ने मिलकर रोडवेज चालक रवि प्रताप सिंह व परिचालक आदित्य तिवारी की जमकर पिटाई की। टैक्सी चालक और उसके साथियों ने बस में तोड़फोड़ करने के साथ ही पूछताछ कार्यालय में घुसकर सुरक्षागार्ड अपूर्व श्रीवास्तव को भी पीटा। इसके बाद पथराव करने लगे। यूपी 112 के पुलिसकर्मियों के पहुंचते ही चारों आरोपी भाग गए। रोडवेज चालक ने नगर कोतवाली में टैक्सी चालक और उसके तीन साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।
रोडवेज के चालक रवि प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह वह और परिचालक आदित्य तिवारी कानपुर के लिए बस लेकर निकले थे। बस अड्डे के सामने एलबीएस चौराहा मार्ग पर बस लगाकर सवारियां बैठाने लगे। इसी दौरान एक टैक्सी (अर्टिगा) आकर बस के पास रुकी। चालक ने बस से दो सवारियाें को उतारकर अपनी टैक्सी में बैठा लिया। बस चालक ने विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया।
नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है। रोडवेज चौकी प्रभारी अविनाश सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। टैक्सी और रोडवेज बस के चालक व परिचालक को शाम को चौकी पर बुलाया है।
सीएम पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
रोडवेज बस के चालक रवि प्रताप सिंह व परिचालक आदित्य तिवारी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। कहा कि रोडवेज बस स्टेशन के एक किलोमीटर दायरे में निजी बस व टैक्सी संचालन पर रोक होने के बावजूद यहां निजी बसें व टैक्सियों का संचालन हो रहा है। टैक्सी चालक बस से जबरन सवारियां उतारकर टैक्सी में बैठा लेते हैं। विरोध पर मारपीट करते हैं। इन पर कार्रवाई में पुलिस हीलाहवाली करती है।