तरबगंज। तरबगंज के भाजपा विधायक प्रेमनरायन पांडेय को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। विधायक के बेटे विनोद पांडेय ने तरबगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपी पर विधायक की हत्या की साजिश रचने और उनकी रेकी किए जाने का भी आरोप लगाया है।
विनोद पांडेय के अनुसार, नगर पंचायत बेलसर के वार्ड छह निवासी सुनील सिंह की धमकी भरी बातचीत का एक ऑडियो उन्हें मिला है। इसमें विधायक प्रेमनरायन पांडेय को एक हजार गोलियां मारने की धमकी देने की बात कही जा रही है। ऑडियो की रिकॉर्डिंग वाली पेनड्राइव भी पुलिस को सौंपी गई है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सुनील सिंह ने कुछ लोगों के साथ मिलकर गैंग बनाया है। विधायक की गतिविधियों की रेकी की जा रही है और उनकी हत्या के लिए घेराबंदी की साजिश रची जा रही है। इसमें आठ से 10 लोगों के शामिल होने की आशंका जताई गई है। विनोद पांडेय ने विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुनील सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ऑडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की भी जांच करेगी।
पहले भी मिल चुकी है माननीयों को धमकी
-वर्ष 2020 में भी तरबगंज के भाजपा विधायक प्रेमनरायन पांडेय को मोबाइल संदेश के जरिये धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में बाराबंकी निवासी आनंद मिश्र को गिरफ्तार किया था।
-जून 2026 में कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा सदर के भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया था। विधायक के प्रतिनिधि की तहरीर पर नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।