ताइक्वांडो फेडरेशन कोरिया से ब्लैक बेल्ट की उपाधि पाने वाले जिले की ताइक्वांडो टीम के 10 खिलाड़ियों को रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र ने सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में सांसद दद्दन मिश्र ने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार खेलों के क्षेत्र में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खिलाड़ी अपने खेल के माध्यम से न सिर्फ शहर व गांव का नाम रोशन करते हैं बल्कि पूरे विश्व में भारत की छाप भी छोड़ते हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रमेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद ताइक्वांडो फेडरेशन कोरिया की तरफ से प्रतियोगिता में ब्लैक बेल्ट की उपाधि पाने वाली भाव्या मिश्रा, दीपाली पांडेय, मोहम्मद असलम, रवि प्रताप शर्मा, बलवीर यादव, अभिजीत पांडेय, स्वप्निल श्रीवास्तव, विशाल कुमार मिश्र व शादाब हुसैन को सांसद ने सम्मानित किया।
ताइक्वांडो खिलाड़ी नागेंद्र कुमार गिरि को भारतीय खेल प्राधिकरण की तरफ से राष्ट्रीय प्रशिक्षक डिप्लोमा प्रदान किया गया है। उन्हें भी सांसद ने सम्मानित किया है। कार्यक्रम आयोजक कोच जियाउल हशमत ने अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू, आजाद सिंह, डॉ. कय्यूम, विष्णु गिरि, आलोक श्रीवास्तव, संजीव आदि मौजूद रहे।