स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे जिला स्तरीय ताइक्वांडो एवं चयन ट्रायल के दूसरे दिन गुरुवार को जूनियर व सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित हुई। दोनों वर्ग में बालक-बालिकाओं ने दमखम दिखाया। जूनियर वर्ग में दिव्या गिरि व सीनियर वर्ग में संदीपिका रावत को स्वर्ण पदक मिला।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को जूनियर बालिका वर्ग, जूनियर बालक वर्ग, सीनियर बालिका वर्ग एवं सीनियर बालक वर्ग में विभिन्न भार वर्गों के मुकाबले हुए।
जूनियर बालक वर्ग अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में जयनेंद्र प्रताप सिंह, अंडर-48 किलोग्राम वर्ग में रवि प्रताप शर्मा एवं अंडर-51 किलोग्राम वर्ग में इश्तिखार अहमद को स्वर्ण पदक मिला।
जूनियर बालिका वर्ग के अंडर-42 किलोग्राम वर्ग में दिव्या गिरि एवं अंडर-44 किलोग्राम वर्ग में शिवांगी गिरि ने स्वर्ण पदक हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग के अंडर-53 किलोग्राम वर्ग में संदीपिका रावत को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ।
सीनियर बालक वर्ग के अंडर-54 किलोग्राम वर्ग में बलवीर यादव व अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में मोहम्मद शादाब हुसैन ने स्वर्ण पदक हासिल किया।