रेहरा ब्लॉक क्षेत्र में रामपुर ग्रंट के कार्डधारकों ने गुरुवार को राशन न मिलने पर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने कोटे की दुकान को सील कर दिया है। अभिलेख कब्जे में लेकर छानबीन की है।
कोटे की दुकान से राशन न मिलने पर गुरुवार को जैदुनिशां, खैरुनिशां, सुंदरा देवी, संगीता, अंसार अहमद, माया देवी, प्रभावती समेत कई कार्डधारकों ने प्रदर्शन किया।
पूर्ति निरीक्षक नवीन कुमार तिवारी ने कार्डधारकों को समझाकर शांत कराया। पूर्ति निरीक्षक ने सादुल्लाहनगर पुलिस की मदद से कोटे की दुकान को सील करा दिया।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि कोटेदार बेचन की दुकान से वितरण व उठान पंजिका को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। रिपोर्ट एसडीएम तुलसीपुर के समक्ष रखी जाएगी। जांच के बाद कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।