गोंडा। बाराबंकी से लौट रही बरातियों की एसयूवी सोमवार देर रात करनैलगंज में हुजूरपुर तिराहे के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे पड़े मौरंग के ढेर पर जाकर अनियंत्रित होकर पास में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एसयूवी सवार तीन लोग घायल हो गए। सीएचसी में उनका इलाज कराया गया है।
करनैलगंज के सोनवारा निवासी मोहम्मद इरशाद अपनी एसयूवी किराये पर संचालित करते हैं। इरशाद ने बताया कि क्षेत्र के भैरवनाथ पुरवा निवासी इदरीश के परिवार के युवक की सोमवार को शादी थी। बरात बाराबंकी के रामनगर जानी थी। इसके लिए इदरीश ने उनकी एसयूवी बुक कराई थी। देर रात इदरीश समेत आठ लोग बरात से लौट रहे थे। तभी हुजूरपुर तिराहे के पास एसयूवी एक ट्रक ओवरटेक करने लगी। सड़क किनारे पड़े मौरंग के ढेर पर जाने से एसयूवी अनियंत्रित होकर पास खड़ी बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इससे एसयूवी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार इदरीश (60), सकरौरा निवासी फूलबानो (50) व कमरजहां (45) घायल हो गईं। सीएचसी में इलाज कराने के बाद तीनों को घर भेज दिया गया।