गोंडा। रेलवे बोर्ड ने मनकापुर से खलीलाबाद तक चौथी रेल लाइन बिछाने की कवायद शुरू की है। डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के लिए रेलवे ने सर्वे शुरू करा दिया है। चौथी रेल लाइन तैयार होने से ट्रेनों की रफ्तार और तेज हो सकेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा।
मनकापुर से खलीलाबाद तक चौथी रेल लाइन बिछाने के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। एनई रेलवे के खलीलाबाद से मनकापुर तक 88 किलोमीटर लंबी चौथी लाइन बिछाई जाएगी। इसका सर्वे होने के बाद रेलवे बोर्ड को डीपीआर भेजी जाएगी। वहां से हरी झंडी मिलते ही लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। गोंडा से गोरखपुर की 158 किलोमीटर दूरी को डेढ़ से दो घंटे में तय करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक इस रूट पर ट्रेनों की स्पीड 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा है। जब चौथी लाइन बन जाएगी तो ट्रेनों की स्पीड करीब 130 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार ने बताया कि तीसरी लाइन बिछाई जा रही है। अब चौथी लाइन का भी सर्वे कराया जा रहा है। रेलवे बोर्ड की स्वीकृति मिलने पर चौथी रेल लाइन बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। (संवाद)