परसपुर। राजापुर के बद्दूपुरवा में दो बहनों की डूबकर मौत के बाद परिवार की जिंदगी ठहर सी गई है। बेटियों का अंतिम संस्कार करने के बाद पिता अरुण तिवारी टूट चुके हैं। बेटियों की यादों से व्यथित पिता ने उनके स्कूल बैग, किताबें, कपड़े और सैंडल सरयू नदी में ही प्रवाहित कर दिए। उनका कहना है कि इन चीजों को घर में देखकर मन और भी ज्यादा व्यथित होगा।
जिन गलियों में कभी सुप्रिया (15) और सुहानी (13) की हंसी गूंजती थी, वहां अब सिर्फ खामोशी और गम है। दो बेटियों को एक साथ खोने का दर्द परिवार के लिए असहनीय हो चुका है। मां रीना तिवारी और बड़ी बहन एकता के आंसू सूख चुके हैं। घर पहुंचकर सांत्वना देने वाली गांव की महिलाओं की आंखें भी नम हो जा रही हैं। बताते चलें कि शनिवार को भौरीगंज में सरयू नदी में मछलियों को चारा देने गईं दोनों बहनों की घाट पर पैर फिसलने से नदी में डूबकर मौत हो गई थी।