गोंडा। वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के अनुपालन के लिए जागरूक बनाने के लिए आरटीओ गोंडा ने नई पहल की है। इसके तहत वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतने के लिए वाहन चालकों को सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूक बनाया जाएगा। इससे ट्रैफिक नियमों से अंजान वाहन चालकों को आरटीओ गोंडा के फेसबुक पेज पर यातायात नियमों से जुड़ी सभी छोटी बड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
संभागीय परिवहन विभाग ने अपने इस फेसबुक पेज पर सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को साझा किया है। मसलन वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, मोबाइल पर बात न करने, रांग साइड चलने पर जुर्माना, सड़क हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने वाले नेक आदमी को मिलने वाले पुरस्कार के बारे में बताया गया है। साथ ही वाहन चालकों को विभाग की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के साथ वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों व विभाग में जमा होने वाले शुल्क के संबंध में भी अपडेट जानकारी मिल सकेगी।
एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन आरसी भारतीय ने बताया कि वाहन संबंधी छोटी-छोटी जानकारी के लिए वाहन स्वामियों को आरटीओ कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। घर बैठे ही आरटीओ गोंडा के फेसबुक पेज पर यातायात नियमों के साथ ही वाहन संबंधी अन्य जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
हादसा होने पर करें कॉल
एंबुलेंस108
डायल112
परिवहन विभाग18008051
सुरक्षित सफर के लिए रखें ध्यान
कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाएं।
ब्लोअर चलाकर उसकी हवा विंडस्क्रीन की तरफ कर दे ताकि धुंधला न दिखे।
वाहन की खिड़की के शीशे को थोड़ा खुला रखना चाहिए।