गन्ना विभाग के अलावा गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है। जिले में करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से शानदार गन्ना भवन बनाया जाएगा। गन्ना विभाग के सभी अधिकारी अब एक ही भवन में बैठेंगे, इससे गन्ना किसानों की समस्याओं का भी अब एक ही छत के नीचे समाधान हो जाएगा।
जिले में गन्ना विभाग के पास खुद का कोई भवन नही है। गन्ना विभाग के सभी कार्यालय किराए के भवनों में अलग-अलग चल रहे हैं। जहां सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के बैठने की भी कोई व्यवस्था नहीं है।
इसके अलावा गन्ना विभाग के अधिकारियों का कार्यालय शहर भर में अलग-अलग होने से गन्ना किसानों को उनसे मिलने में भी परेशानी उठानी पड़ती है।
जिला गन्ना अधिकारी पीएन सिंह ने जिले में गन्ना भवन बनाये जाने का प्रस्ताव पिछले साल गन्ना आयुक्त को भेजा था। शहर के स्टेशन रोड पर गन्ना समिति परिसर में विभाग ने गन्ना भवन बनाये जाने का स्थान चिन्ह्ति कर लिया है।
प्रदेश के गन्ना आयुक्त एवं साधन सहकारी समितियां ने विभाग को 60 लाख रुपये की पहली किस्त जारी करने की अनुमति दे दी है। जल्द से जल्द शिलान्यास के बाद विभाग की ही कार्यदायी संस्था गन्ना परिषद गन्ना भवन का निर्माण शुरू करा देगी।
जिला गन्ना अधिकारी गोंडा पीएन सिंह ने कहा कि जिले में गन्ना भवन का निर्माण होना है। गन्ना आयुक्त से इस कार्य की सहमति मिल गई है। करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के लिए 60 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
गन्ना भवन तैयार हो जाने पर गन्ना विभाग से जुड़े सभी अधिकारी इसी भवन में बैठेंगे। इससे किसानों को किसी काम के लिए भागदौड़ नही करनी पड़ेगी। उनकी समस्या का निस्तारण एक ही स्थान पर हो जाएगा।
इन अफसरों के बैठने का बनेगा अलग कक्ष
* संयुक्त गन्ना आयुक्त * जिला गन्ना अधिकारी * सहायक चीनी आयुक्त * सहायक अभियन्त गन्ना परिषद * सचिव गन्ना समिति ।