मनकापुर (गोंडा)। गन्ना समिति में बुधवार से तीन दिवसीय किसान गोष्ठी व किसान मेला शुरू हो गया। उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक रमापति शास्त्री ने किया। इस दौरान किसानों को गन्ना उत्पादन, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
विधायक रमापति शास्त्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
गोष्ठी में अग्रणी जिला प्रबंधक विनोद कुमार ने किसानों को किसान बीमा, पेंशन योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। मनकापुर चीनी मिल के महाप्रबंधक ने मिल की ओर से किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, गन्ना भुगतान और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं इफको, उद्यान विभाग तथा जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने उन्नत खेती, उर्वरक प्रबंधन, फसल विविधीकरण और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।