नवाबगंज/टिकरी। नवाबगंज के उमरिया गांव निवासी ई रिक्शा चालक संगमलाल (45) की हत्या का खुलासा कर पुलिस ने झांसी के रहने वाले 11वीं के छात्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक संगमलाल ने छात्र से दुष्कर्म का प्रयास किया था। चूंकि छात्र पहलवानी करता है, इस वजह से वह संगमलाल पर भारी पड़ गया और उसी के गमछे से गला कसकर हत्या करके भाग गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से आरोपी छात्र को झांसी से संरक्षण में लिया है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अपचारी झांसी के निजी स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। बीते 26 अगस्त को वह अयोध्या में दर्शन के लिए उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन से रात करीब 11 बजे पहुंचा था। उसके पास वीआईपी पास था, जिससे सुबह तीन बजे दर्शन होना था। इसके चलते वह अयोध्या रेलवे स्टेशन पर इंतजार कर रहा था। तभी ई रिक्शा चालक संगमलाल से मुलाकात हो गई। संगमलाल ने झांसा देकर छात्र को ई रिक्शे पर बैठा लिया और तीन घंटे तक अयोध्या व नवाबगंज इलाके में घुमाता रहा। इसके बाद अपने गांव के पास सुनसान स्थान पर ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। कहा कि यह मेरा गांव है। तुम यहां से अपने घर नहीं जा पाओगे।
हाथापाई के दौरान छात्र ने संगमलाल के गले में पड़े गमछे को पकड़कर कस दिया। संगमलाल की मौत होने पर छात्र ने उसका पर्स निकालकर झाड़ियाें में फेंक दिया। इसके बाद झांसी भाग गया। एसओजी, सर्विलांस के साथ ही स्थानीय पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर झांसी से संरक्षण में लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर झाड़ियों से संगमलाल का पर्स बरामद किया है।
सैकड़ों कैमरे खंगाले, 10 हजार नंबरों पर किया संपर्क
थानाध्यक्ष ने बताया कि बीते 27 अगस्त को वारदात के बाद संगमलाल के भाई सत्यनारायण की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। पुलिस टीम ने अयोध्या रेलवे स्टेशन से घटनास्थल तक सैकड़ों कैमरे खंगाले। इस दौरान संगमलाल के साथ छात्र नजर आया। हालांकि फुटेज के आधार पर उसकी पहचान के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। कई थानों के साथ ही करीब 10 हजार नंबरों पर संपर्क साधा गया। इसके बाद किशोर की पहचान हो सकी।