मनकापुर कोतवाली क्षेत्र मे झिलाही बाजार के पास सोमवार देर शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक छात्र की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली ले आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में छात्र के मामा ने कोतवाली मनकापुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मनकापुर कोतवाली के रहने वाले बृजेन्द्र पाठक ने बताया कि उसका भांजा विवेक कुमार मिश्रा (16) पुत्र देवेंद्रनाथ मिश्रा मनकापुर के एक इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र था।
वह सोमवार देर शाम साइकिल से खरीदारी करने झिलाही बाजार जा रहा था। जब वह बाजार के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर- ट्रॉली मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली ले आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में बृजेश कुमार पाठक ने कोतवाली मनकापुर में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक आरके शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।