मनकापुर (गोंडा)। कस्बे के नामचीन स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं के छात्र की रविवार देर शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मनकापुर के दतौली निवासी अरुण कुमार मिश्र रविवार देर शाम बेटे अनुराग मिश्र (19) के साथ बाइक से निकले थे। वह मनकापुर जा रहे थे। रेहरा मार्ग पर तहसील मोड़ व ट्रैक्टर एजेंसी के बीच बाइक खड़ी करके वह लघुशंका करने चले गए। बेटा अनुराग बाइक के पास खड़ा था। इसी बीच दतौली चीनी मिल जा रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली खड़ी बाइक से टकरा गई। अनुराग ट्राॅली में फंसकर कुछ दूर तक घिसटता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने भागने के चक्कर में अनुराग को कुचल दिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग गया। गंभीर रूप से घायल अनुराग को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में अनुराग की मौत हो गई। वह मनकापुर कस्बे के सेंट माइकल स्कूल में 12वीं छात्र था।
कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है।
चार भाई-बहनों में सबसे छोटे अनुराग की सड़क हादसे में मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता अरुण कुमार मिश्र कूड़ासन में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। मां शैलकुमारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। बड़ी बहन डॉ अंशू मिश्रा मेडिकल कॉलेज बस्ती में कार्यरत हैं। जबकि भाई विशाल मिश्र रूस में एमबीबीएस की तैयारी कर रहा है। छोटी बहन अंशिका मिश्रा नीट की तैयारी कर रही है। अनुराग की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रैक्टर-ट्राॅली चालकों की लापरवाही से लगातार हादसे हो रहे हैं। अप्रशिक्षित चालक और ओवरलोडिंग हादसे का सबब बन रही है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि हादसे रोकने के लिए पुलिस की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।