श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र का नाम बदलकर पुन: बलरामपुर किए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समर्थकों ने संसदीय क्षेत्र का नाम बदलने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कार्मिक अनशन किया।
अनशन के बाद समर्थकों ने अपर जिलाधिकारी को मांगपत्र भी सौंपा। कलेक्ट्रेट परिसर में कर्मिक अनशन को संबोधित करते हुए अटल जी के सहयोगी शारदा प्रसाद मिश्रा ने कहा कि बलरामपुर लोक सभा क्षेत्र पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मस्थली होने के साथ-साथ धार्मिक एवं एतिहासिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना गया है।
बलरामपुर में शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के साथ-साथ बलरामपुर राज घराने का गौरवशाली इतिहास रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मस्थली होने के कारण तत्कालीन संप्रग सरकार ने षड़यंत्र करके बलरामपुर लोकसभा क्षेत्र का अस्तित्व समाप्त कर श्रावस्ती के नाम से नया लोकसभा क्षेत्र बना दिया।
बलरामपुर लोकसभा क्षेत्र का अस्तित्व समाप्त होने से अटल जी के समर्थकों को गहरा आघात पहुंचा है। क्रमिक अनशन में अटल जी के सहयोगी शारदा मिश्र, सदानंद त्रिवेदी, राज बहादुर यादव, अंबिका प्रसाद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह, जिला महामंत्री कैलाश नाथ शुक्ल आदि ने श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र का नाम बदलकर बलरामपुर लोकसभा क्षेत्र किए जाने की मांग की।
अनशन के बाद अटल जी के समर्थकों ने अपर जिलाधिकारी गंगाराम गुप्ता को अपना मांगपत्र भी सौंपा। अपर जिलाधिकारी के समझाने-बुझाने पर अटल जी के समर्थकों ने अपना अनशन समाप्त किया।