जिला कारागार के कैदी अब योग और प्राणायाम के माध्यम से तनाव मुक्त होकर स्वस्थ बनेंगे। सभी कैदियों को एक सप्ताह तक पतंजलि योग समिति द्वारा योग व प्राणायाम की ट्रेनिंग दी जा रही है। सोमवार की सुबह जिला कारागार में पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षक अजय कुमार मिश्र ने योग शिविर का आयोजन किया।
यह आयोजन प्रभारी जेल अधीक्षक इंद्रभूषण वर्मा के अनुरोध पर किया गया है। प्रशिक्षक ने कारागार के कैदियों को ध्यान, प्रणाम, कपालभांति, अनुलोम-विलोम, वज्रासन, मकरासन, भ्रामरी आसन व तरह-तरह के माइक्रोआसन सिखाए। शिविर को संबोधित करते हुए प्रशिक्षक ने कहा कि योग से कैदी तनाव व रोगमुक्त बनेंगे।
साथ ही साथ कैदियों के मन का विकार भी दूर होगा और वे लोग अपराध आदि की प्रवृत्ति से छुटकारा पाएंगे। जेल में यह शिविर आगामी एक सप्ताह तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कैदी खुद योग व प्राणायाम करेंगे।
जेल अधीक्षक ने भी कैदियों को योग व प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ व रोगमुक्त होने की अपील की। भगवतीगंज बाजार निवासी समाजसेवी रवीन्द्र गुप्ता भी आसपास के गांवों के बच्चों को योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। बच्चों को संस्कार व शिष्टाचार के साथ योग व प्राणायाम सिखाया जा रहा है।