गोंडा। मसकनवा स्टेशन पर स्टॉपेज होने के बावजूद छपरा-मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन बिना रुके धड़धड़ाते हुए निकल गयी। ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर मौजूद यात्री अवाक होकर बस इसे गुजरते देखते रह गए। स्टेशन से आगे निकल जाने के बाद ट्रेन को रोककर वापस बैक करके स्टेशन के निर्धारित प्लेटफार्म पर खड़ा कराया गया। इस पूरे मामले में स्टेशन अधीक्षक की लापरवाही उजागर होने के बाद सीनियर डीएमओ ने स्टेशन अधीक्षक को निलंबित कर मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की है।
शुक्रवार सुबह छपरा से चलकर मथुरा की ओर जाने वाली छपरा-मथुरा एक्सप्रेस (22531) ट्रेन बभनान पहुंची। यहां ठहराव के बाद ट्रेन आगे बढ़ी। इस ट्रेन को मसकनवा रेलवे स्टेशन पर रुकना था। इसके बावजूद स्टेशन अधीक्षक संबंधित ट्रेन की लाइन क्लियर किए हुए थे। ट्रेन के चालक को समझ नहीं आया और होम सिग्नल से करीब आधा किलोमीटर दूर तक ट्रेन निकल गई। गार्ड की सूचना पर ट्रेन को एकाएक रोका गया। इसके बाद ट्रेन को बैक करके रेलवे स्टेशन पर लाकर खड़ा किया गया। इसके बाद ही ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ डिवीजन के सीनियर मंडल परिचालन प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने स्टेशन अधीक्षक सुशील कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस पूरे मामले की जांच गठित टीम करेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार का कहना है कि ट्रेन कोविड-19 के कारण काफी दिनों से बंद थी। इसी कारण मसकनवा के स्टेशन अधीक्षक से इस तरह की लापरवाही हो गई। इसी कारण स्टेशन अधीक्षक सुशील कुमार सिंह को निलंबित कर मामले की जांच की जा रही है।